18 जुलाई 2012 - 19:30

इस्लामी गणतंत्र ईरान और रूस ने सीरिया की राजधानी दमिश्क़ में कल हुए आतंकवादी आक्रमण की कड़ी निंदा की है.....

इस्लामी गणतंत्र ईरान और रूस ने सीरिया की राजधानी दमिश्क़ में कल हुए आतंकवादी आक्रमण की कड़ी निंदा की है। कल दमिश्क़ में सीरिया के राष्ट्रीय सुरक्षा मुख्यालय में हुए आतंकवादी बम आक्रमण में सीरियाई रक्षा मंत्री दाउद राजिहा, उपरक्षा मंत्री आसिफ़ शौकत, सुरक्षा प्रमुख जनरल हिशाम इख़्तियार और उपराष्ट्रपति के सहायक हसन तुर्कमनी हताहत हो गए। कल विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में दमिश्क़ के आतंकवादी आक्रमण की घोर निंदा और सीरियाई राष्ट्र व सरकार के प्रति सहानुभूति व्यक्त की गयी।  विदेश मंत्रालय के बयान में आया हैः इस्लामी गणतंत्र ईरान हर प्रकार की हिंसा और विध्वसंकारी कृत्य की निंदा करता है तथा उसका मानना है कि सीरिया में वर्तमान समस्या का राजनैतिक समाधान निकालने के लिए एकमात्र मार्ग वार्ता है क्योंकि इस देश में अस्थिरता का हर क़दम समस्या के और जटिल होने तथा क्षेत्र में अराजकता फैलने का कारण बनेगा जिससे अधिक हिंसा और अशांति पैदा होगी। विदेश मंत्रालय के बयान में आया हैः इस बात में संदेह नहीं कि सीरिया में विदेशी हस्तक्षेप और शस्त्र भेजे जाने तथा सीरिया की स्थिरता व सुरक्षा को निशाना बनाने के लिए कुछ क्षेत्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय टोलियों द्वारा आतंकवादी आक्रमणों का समर्थन सफल नहीं होगा और इस प्रकार के कृत्यों को तुरंत रुकना चाहिए। इस बीच दमिश्क़ के आतंकवादी आक्रमण पर विदेश मंत्री अली अकबर सालेही ने कहा है कि दमिश्क़ का बम आक्रमण इस बात संकेत है कि आतंकवाद सीरिया सहित क्षेत्र में फैल रहा है। उधर रूस ने भी सीरियाई विपक्ष द्वारा इस देश को अस्थिर करने के लिए कल दमिश्क़ में किए गए आतंकवादी बम आक्रमण की निंदा की और कहा कि इस आतंकवादी कृत्य के ज़िम्मेदारों को अवश्य दंडित किया जाना चाहिए। रूसी विदेश मंत्रालय के कल के बयान में आया हैः हम आशा करते हैं कि दमिश्क़ में आतंकवादी कृत्य करने वालों को चिन्हित कर उन्हें उनके किए की सज़ा दी जाएगी। समाचार समाप्त.......166