8 जुलाई 2012 - 19:30

आज तेहरान में इस्लामी जागरुकता की अंतर्राष्ट्रीय कांफ्रेन्स आरंभ हुई जिसमें विश्व के इस्लामी एवं ग़ैर इस्लामी देशों की महिलाएं भाग ले रही हैं......

आज तेहरान में इस्लामी जागरुकता की अंतर्राष्ट्रीय कांफ्रेन्स आरंभ हुई जिसमें विश्व के इस्लामी एवं ग़ैर इस्लामी देशों की महिलाएं भाग ले रही हैं। यह कांफ्रेन्स कल भी जारी रहेगी। अंतर्राष्ट्रीय मामलों में ईरान की इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता के सलाहकार श्री अली अकबर विलायती ने आज तेहरान में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि इस कांफ्रेन्स में भाग लेने वाली महिलाओं को इस्लामी जागरुकता की अंतर्राष्ट्रीय परिषद की ओर से आमंत्रित किया गया है और ईरान प्रवास के दौरान इन महिलाओं को तेहरान, इस्फहान और पवित्र नगर मशहद का भ्रमण कराया जायेगा। डाक्टर विलायती ने इस बयान के साथ कि इस कांफ्रेन्स में महिलाओं के लिए निर्णायक निर्णय लिये जायेंगे, कहा कि महिलाओं से संबंधित समस्याओं का मूल्यांकन इस कांफ्रेन्स का महत्वपूर्ण लक्ष्य है। इस अंतर्राष्ट्रीय कांफ्रेन्स में विश्व की ८० देशों की महिलाएं भाग ले रही हैं। इसी मध्य श्री अली अकबर विलायती ने सूडान के राष्ट्रपति के सहायक से भेंटवार्ता की है। इस भेंटवार्ता में उन्होंने कहा कि सूडान अफ्रीक़ा में इस्लामी जनक्रांति का केन्द्र है और इस आधार पर उसकी बड़ी ज़िम्मेदारी है तथा अफ्रीका में उसे इस्लामी द्वार समझा जाता है। उन्होंने ईरान और सूडान के संबंध में विस्तार पर बल देते हुए कहा इस्लामी गणतंत्र ईरान और सूडान के एक दूसरे से बहुत अच्छे संबंध हैं। सूडान के राष्ट्रपति के सलाहकार मुस्तफा उसमान ने भी इस भेंट में ईरान की इस्लामी क्रांति को सूडानी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया और कहा कि इस्लामी सरकार का गठन सूडानी युवाओं की एक आकांक्षा थी और ईरान की इस्लामी क्रांति के आदर्श ने सूडानी राष्ट्र की इस आकांक्षा को व्यवहारिक बना दिया। समाचार समाप्त......166