21 जून 2012 - 19:30

राष्ट्रपति अहमदी नेजाद ने कहा है कि राष्ट्रों के मतों से सत्ता में आने वाली सरकारों को विश्व के संचालन में सार्थक, प्रेम एवं निष्ठापूर्ण भागीदारी निभानी चाहिए........

राष्ट्रपति अहमदी नेजाद ने कहा है कि राष्ट्रों के मतों से सत्ता में आने वाली सरकारों को विश्व के संचालन में सार्थक, प्रेम एवं निष्ठापूर्ण भागीदारी निभानी चाहिए।डाक्टर अहमदी नेजाद ने, जो रियो प्लस ट्वेंटी सम्मेलन में भाग लेने के लिए ब्राज़ील के नगर रियो डी जेनरियो पहुंचे हैं, इस बात पर बल देते हुए कि विश्व में मानव व्यवस्था, भले शासकों द्वारा स्थापित होनी चाहिए, कहा कि सही कार्यक्रम बना कर और मानव समाजों की आवश्यकताओं को दृष्टिगत रख कर मानव योग्यताओं को विकसित होने का अवसर दिया जाना चाहिए। श्री अहमदी नेजाद ने इसी प्रकार बुधवार को संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव बान की मून से भी भेंट की और क्षेत्रीय व अंतर्राष्ट्रीय समस्याओं के बारे में विचारों का आदान-प्रदान किया। उन्होंने सीरिया की समस्याओं की ओर संकेत करते हुए कहा कि इस देश की समस्याओं का यथाशीघ्र समाधान किया जाना चाहिए और इस्लामी गणतंत्र ईरान, सीरिया के आंतरिक मामलों में किसी भी देश के हस्तक्षेप का विरोधी है और उसका मानना है कि इस देश की समस्या का समाधान, सरकार तथा विरोधियों के बीच बातचीत और आपसी सहयोग द्वारा होना चाहिए। उन्होंने इसी प्रकार ईरान के परमाणु मामले में तेहरान व गुट पांच धन एक के बीच मास्को में होने वाली वार्ता के बारे में कहा कि सभी देशों के लिए समान क़ानून होना चाहिए और ईरान की सभी परमाणु गतिविधियां, परमाणु ऊर्जा की अंतर्राष्ट्रीय एजेंसी के क़ानूनों के परिप्रेक्ष्य में रही हैं और ईरान ने अपनी सभी प्रतिबद्धताओं का पालन किया है। ज्ञात रहे कि रियो प्लस ट्वेंटी सम्मेलन के नाम से टिकाऊ विकास के क्षेत्र में संयुक्त राष्ट्र संघ का सम्मेलन ब्राज़ील के रियो डीजेनरियो नगर में हो रहा है जिसमें विश्व के 191 देशों के अधिकारी भाग ले रहे हैं।.........166