14 फ़रवरी 2012 - 20:30

शिया धर्मगुरू मौलाना कल्बे जवाद के नेत्रत्व में कांग्रेस के दिल्ली स्थित मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया........

मौलाना कल्बे जवाद ने की कांग्रेस को वोट न देने की अपील

पिछले दिनों दिल्ली में हुए शर्मनाक शाहेमर्दां प्रकरण के सम्बंध में दिल्ली की कांग्रेस सरकार के द्रारा कोई संतोषजनक कार्यवाही न करने से आहत हज़ारों मुसलमानों नें मशहूर शिया धर्मगुरू मौलाना कल्बे जवाद के नेत्रत्व में कांग्रेस के दिल्ली स्थित मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेत्रत्व कर रहे मौलाना कल्बे जवाद ने सरकार को 24 घण्टे का समय देते हुए चेतावनी दी कि अगर सरकार ने इन 24 घण्टों में ज़ाएरीन एवं ओलमा पर दर्ज एफ़. आई. आर. वापस न ली और करबला की नर्सरी वाली ज़मीन पर क़ाबिज़ माली के ख़िलाफ़ एफ़. आई. आर. दर्ज न की गयी तो वह पूरे देश में में एक आन्दोलन चलाएंगे। मौलाना ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आज़ादी के बाद से कांग्रेस ने मुसलमानों को सिर्फ़ धोखे के अलावा कुछ नहीं दिया है इसीलिए उन्होनें लोगों से कांग्रेस को वोट न देने की अपील की। याद रहे कि इमाम हुसैन (अ.) के चेहलुम (15 जनवरी) के दिन पुलिस ने अज़ादारों पर उस वक़्त लाठी चार्ज किया था जब वह दरगाह के मग़रिबी दरवाज़े को इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस ने बाद में फ़ाएरिंग भी की थी जिसमें कई लोग ज़ख़्मी भी हो गए थे और 16 जनवरी को पुलिस की मिलीभगत से उस गेट पर ताला लगा दिया गया था। इस प्रकरण के बाद मौलाना कल्बे जवाद ने आन्दोलन की चेतावनी दी थी जिसके परिणाम स्वरूप पुलिस को दरवाज़े की चाभी दरगाह प्रशासन को सौंपनी पड़ी थी।