राष्ट्रपति अहमदी नेजाद ने कहा है कि राष्ट्रों के कल्याण व संपन्नता को सुनिश्चित बनाने के लिए विश्व को न्याय व मानवीय मूल्यों पर आधारित एक नए विचार की आवश्यकता है। उन्होंने लैटिन अमरीकी देशों की अपनी यात्रा के अंतिम चरण में इक्वाडोर के संसद सभापति फ़र्नेंडो क्रेडरोचरा से भेंट में कहा कि पूंजीवाद व मार्क्सवाद बंद गली में पहुंच चुके हैं और अब विश्व को एक ऐसे विचार की आवश्यकता है जो न्याय व मानवीय मूल्यों पर आधारित हो ताकि राष्ट्रों के कल्याण को सुनिश्चित बनाया जा सके। उन्होंने इसी प्रकार दोनों देशों के संबंधों में विस्तार की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि ईरान व इक्वाडोर की सरकार व संसद के समान दृष्टिकोणों के चलते ये दोनों देश एक ही मोर्चे में हैं और न्याय, स्वतंत्रता तथा लोगों की सेवा के मार्ग पर अग्रसर हैं। इस भेंट में इक्वाडोर के संसद सभापति ने भी दोनों देशों के बीच सहयोग में विस्तार को आवश्यक बताया। ज्ञात रहे कि ईरान के राष्ट्रपति डाक्टर महमूद अहमदी नेजाद लैटिन अमरीका के चार देशों, वेनेज़ुएला, क्यूबा, निकारागुआ और इक्वाडोर की यात्रा पूरी करके कल रात स्वदेश लौट आए।
.........
166