इराक़ की राजधानी बग़दाद के उपनगरीय क्षेत्र में चार बम विस्फोटों में कम से 24 व्यक्ति हताहत और दर्जनों अन्य घायल हुए हैं।प्रेस टीवी की रिपोर्ट के अनुसार इराक़ी अधिकारियों ने बताया है कि आज प्रातः सद्र सिटी के उस स्थान पर विस्फोटक पदार्थों से लदी एक मोटरसाइकिल विस्फोटित हो गई जहां पर दैनिक वेतन पर काम करने वाले मज़दूर इकट्ठा होते हैं। इस घटना के बाद इसी आबादी में एक छोटी दुकान के निकट सड़क किनारे लगा बम विस्फोटित हो गया। पुलिस के अनुसार इस विस्फोट के दो घंटे पश्चात उत्तरी बग़दाद का काज़ेमिया क्षेत्र दो विस्फोटों से दहल गया। बग़दाद में पिछले कुछ दिनों से सुरक्षा कड़ी कर दी गयी है और पूरे बग़दाद में चौकियां स्थापित की गयी हैं। पिछले कुछ सप्ताहों के दौरान इराक़ में कई श्रंख्लाबद्ध बम आक्रमण हुए हैं। कल बुधवार को बग़दाद के उत्तर में बाक़ूबा में नौ बम विस्फोटों में कम से कम 10 व्यक्ति हताहत और दर्जनों अन्य घायल हुए थे। 22 दिसंबर को बग़दाद के कई क्षेत्रों में नौ बम विस्फोटों में 69 व्यक्ति हताहत और दर्जनों अन्य घायल हुए थे।
............
166