इमाम हुसैन और शोहदाए कर्बला के ग़म में लखनऊ शहर के विभिन्न अज़ाख़ानों और इमामबाड़ों में मजलिसों का सिलसिला जारी है। इसी सिलसिले में हरदोई रोड स्थित कर्बला अब्बास बाग़ में रात 8.30 बजे हुई मजलिस को मौलाना मुहम्मद रज़ा ने सम्बोधित किया। मजलिस के उपरान्त अज़ादारों ने दहकते हुए अंगारों पर या हुसैन या हुसैन की सदा बुलन्द करते हुए मातम किया। आग के मातम के बाद शहर की विभिन्न अन्जुमनों ने नौहाख़्वानी व सीनाज़नी की। बाबुल हवाएज कमेटी की ओर से भी हैदरगंज स्थित पुत्तन साहिबा की कर्बला में मजलिस का आयोजन किया गया जिसके बाद अज़ादार और हिन्दू अक़ीदतमंदों ने दहकते हुए अंगारों पर या हुसैन की सदाओं के साथ मातम किया। इसी क्रम में 25 मुहर्रम को सज्जाद बाग़, ठाकुरगंज में यौमें सय्यदे सज्जाद मनाया जाएगा जिसमें मग़रबैन की नमाज़ के बाद मजलिस होगी, मजलिस के उपरान्त शबीहे ताबूत की ज़ियारत अक़ीदतमंदो का कराई जाएगी। इसी के साथ ही शहर की विभिन्न अन्जुमनों के साथ घोसी, सुल्तानपुर, जलालपुर आदि की अन्जुमनें भी नौहाख़्वानी व सीनाज़नी करेंगी। अगले दिन 26 मुहर्रम को ज़हरा कालोनी, बड़ाबाग़ में यौमें बीमारे कर्बला मनाया जाएगा।
........
166