ईरान के राष्ट्रपति ने कहा है कि स्वाधीन देशों को, साम्राज्यवादियों के नए हथकंडों के समक्ष डट जाना चाहिए।डाक्टर महमूद अहमदी नेजाद ने आज तेहरान में भारत की संसद सभापति श्रीमती मीरा कुमार से भेंट के अवसर पर कहा कि आज साम्राज्यवादी देश नए नारों के साथ और नैटो की सैन्य शक्ति का प्रयोग करके पुनः संसार पर वर्चस्व जमाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वर्चस्ववादियों ने लीबिया की जनता की संपत्ति को सील कर रखा है और अब वे इस देश के स्रोतों को लूटने और इस देश की जनता पर वर्चस्व जमाने के लिए एक दूसरे से लड़ रहे हैं। राष्ट्रपति अहमदी नेजाद ने इसी प्रकार क्षेत्रीय मामलों में ईरान व भारत के बीच सहयोग में विस्तार को क्षेत्र में शांति व स्थिरता का कारण बताया और कहा कि जिन लोगों ने क्षेत्र की शांति व सुरक्षा को निशाना बना रखा है वे निश्चित रूप से ईरान व भारत की जनता के मित्र नहीं हैं और नहीं चाहते कि ये दोनों देश प्रगति करें। इस भेंट में भारत की संसद के निचले सदन लोकसभा की अध्यक्ष श्रीमती मीरा कुमार ने भी इस बात का उल्लेख करते हुए कि उनका देश इस्लामी गणतंत्र ईरान के साथ अपने संबंधों को विस्तार देने का इच्छुक है, कहा कि अंतर्राष्ट्रीय दबाव के बावजूद ईरान द्वारा अर्जित की गई महान आर्थिक सफलताएं सराहनीय हैं।
समाचार समाप्त
.........
166