विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने सीरिया के प्रति तेहरान और मास्को के दृष्टिकोणों को समान बताया है। विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता रामीन मेहमानपरस्त ने शुक्रवार को रेडियो रूस से वार्ता में सीरिया के आतंरिक मामलों के बारे में कुछ देशों के रूख की आलोचना करते हुए यह बात कही। इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने इस बात का उल्लेख करते हुए कि ईरान भी रूस की भांति यह मानता है कि सीरिया के मामले को शांतिपूर्ण मार्गों से हल किया जाना चाहिए, स्पष्ट किया कि सीरियाई जनता की मांगों को सरकारी सुधारों द्वारा पूरा किया जाना चाहिए। विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने इस बात पर बल देते हुए कि सीरिया में किसी भी प्रकार का विदेशी हस्तक्षेप इस देश और क्षेत्र के लिए ख़तरनाक है कहा कि कुछ सीरियाई लोगों की निर्धारित मांगें हैं किंतु विदेशों में प्रशिक्षित कुछ गुट भी इस देश में सक्रिय हैं जिससे सीरिया में विदेशी हस्तक्षेप की पुष्टि होती है। विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने परमाणु बिजलीघरों के निर्माण के फैसले और उस में रूस की भागीदारी के बारे में पूछे गये एक प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा कि संसद ने बीस हज़ार मेगावाट बिजली उत्पादन के उद्देश्य से कई बिजलीघरों के निर्माण का निर्णय किया है और शर्तों को पूरा करके कोई भी देश इन बिजलीघरों के निर्माण के समझौते पर हस्ताक्षर कर सकता है।
समाचार समाप्त
......
166