ईरान के विदेश उपमंत्री अमीर अब्दुल्लाहियान ने कहा है कि वाशिंग्टन में सऊदी अरब के राजदूत की हत्या की योजना में ईरान के लिप्त होने के अमरीकी आरोप के संबंध में रियाज़ सरकार सूझबूझ से काम ले। तेहरान में आज सऊदी अरब के राजदूत मोहम्मद बिन अब्बास अलकेलाबी से भेंट में श्री अब्दुल्लाहियान ने कहा कि यह आरोप वस्तुतः अमरीका और ज़ायोनी शासन की ओर से रचे गए षडयंत्र का एक भाग है। श्री अब्दुल्लाहियान ने कहा कि आतंकवादी योजना में ईरान के लिप्त होने का आरोप निराधार है जिसका सहारा लेकर अमरीका विश्व भर में जारी अपनी युद्धोन्मादी नीतियों से जनमत का ध्यान हटाना चाहता है।विदेश उपमंत्री ने इस संदर्भ में वाशिंग्टन स्थित सऊदी दूतावास के उतावलेपन में दिए गए ग़ैर प्रमाणित बयान का हवाला देते हुए कहा कि क्षेत्र में जनता की मांगों पर गंभीरता से ध्यान दिया जाए और क्षेत्र के शत्रुओं विशेषकर अमरीका और ज़ायोनी शासन को हस्तक्षेप और संसाधनों की लूटमार का अवसर न दिया जाए। सऊदी अरब के राजदूत ने इस मुलाक़ात में दोनों देशों के सहयोग विस्तार में रियाज़ सरकार की रूचि की बात कही और अमरीकी आरोप के बारे में सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय के औपचिरक बयान का हवाला देते हुए कहा कि इस बयान के अनुसार किसी भी देश पर अभी आरोप नहीं लगाया गया है और जांच पूरी हो जाने के बाद रियाज़ सरकार का पक्ष सामने आएगा।

समाचार समाप्त

........

166