ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि अमरीका सीरिया के मामले को हवा देकर क्षेत्र में जारी जनान्दोलनों में शंकाएं उत्पन्न करना चाहता है।विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रामीन मेहमान परस्त ने कहा कि मध्यपूर्व क्षेत्र फ़िलिस्तीन समस्या, बैतुल मुक़द्दस और आर्थिक मामलों की दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अमरीका अपनी इच्छा के अनुसार मध्यपूर्व को बदलने का प्रयास करता चला आ रहा है और हर उस देश के विरुद्ध वह सक्रिय हो जाता है जो अमरीकी योजनाओं का विरोध करे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि अमरीका को इस्राईल की रक्षा के अतिरिक्त किसी बात से कोई रूचि नहीं है और जो कुछ सीरिया में हो रहा है वह इस्राईल के विरुद्ध जारी प्रतिरोध आंदोलन को कुचलने की अमरीकी योजना का भाग है। रामीन मेहमान परस्त ने क्षेत्र में हो रहे परिवर्तनों के बारे में ईरान का पक्ष रखते हुए कहा कि ईरान क्षेत्र के परिवर्तनों के संबंध में बहुत आशावान है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जनता आंदोलन चला रही है और ईरान का मानना है कि इन परिवर्तनों से क्षेत्र में अमरीका के लिए कोई स्थान शेष नहीं रह जाएगा।
समाचार समाप्त
.......
166