झारखंड और उड़ीसा में छिटपुट माओवादी घटनाओं को नजरअंदाज कर दिया जाए तो स्वतंत्रता दिवस पूरे देश में शांति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
कश्मीर घाटी में भी पूर्णतया शांति रही। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने श्रीनगर के बख्शी स्टेडियम में ध्वजारोहण किया। पूर्वोत्तर में कुछ राज्यों में उग्रवादियों ने स्वतंत्रता दिवस के बहिष्कार का एलान किया था। लेकिन बिना किसी असर के लोगों ने स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया। झारखंड में माओवादियों ने खूंटी जिले के रानिया में सीआरपीएफ के एक शिविर को निशाना बनाकर गोलीबारी की। इस घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है।
उड़ीसा में उग्रवादियों ने कुछ जगहों पर स्वतंत्रता दिवस का बहिष्कार किया और काला झंडा फहराया। उड़ीसा के कोरापुट में माओवादियों ने बड़ी वारदात की साजिश को अंजाम देना चाहा। बारूदी सुरंग का विस्फोट किया, लेकिन बीएसएफ और उड़ीसा एसओजी के 20 जवान बाल-बाल बच गए। राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने उग्रवादियों को हिंसा त्यागकर मुख्यधारा से जुड़ने का आह्वान किया है।
बिहार में महादलितों को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने के उद्देश्य से स्वतंत्रता दिवस पर सोमवार को राज्य सरकार के प्रयास से सूबे के महादलित टोलों में झंडोत्तोलन का आयोजन किया गया। स्थानीय प्रशासन के सहयोग से यह आयोजन हर जिले में किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना जिले के फुलवारीशरीफ प्रखंड अंतर्गत कोरियावां पंचायत के अबु लोदीपुर गांव के बालापर मुसहरी टोले में महादलितों को तीन डिसमिल जमीन योजना का शुभारंभ किया।
लखनऊ मुख्यमंत्री मायावती ने सोमवार को स्वतंत्रता दिवस की 64वीं वर्षगांठ पर विधानभवन के सामने ध्वजारोहण के बाद अपने संबोधन में राज्य सरकार के दलित एजेंडे की पैरोकारी करने के साथ ही शासन की उपलब्धियों का भी बखान किया।
समाचार समाप्त
.......
166