14 अगस्त 2011 - 19:30

अतिग्रहित फ़िलिस्तीन के अनेक नगरों में दसियों हज़ार की संख्या में ज़ायोनियों ने निवास के बढ़ते मूल्य और अन्य सामाजिक असमानता के विरुद्ध प्रदर्शन कि....

अतिग्रहित फ़िलिस्तीन के अनेक नगरों में दसियों हज़ार की संख्या में ज़ायोनियों ने निवास के बढ़ते मूल्य और अन्य सामाजिक असमानता के विरुद्ध प्रदर्शन किया। ज़ायोनी समाचार पत्र हाआरेत्ज़ के हवाले से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार कल अतिग्रहित फ़िलिस्तीन के उत्तरी नगर हैफ़ा में तीस हज़ार से अधिक ज़ायोनियों ने विरोध प्रदर्शन किया। हैफ़ा में टेन्ट सिटी के प्रतिनिधि योसी बारुख़ ने कहा कि हम यहां कल्याणकारी स्टेट चाहते हैं एक वास्तविक कल्याणकारी स्टेट न कि केवल नारों में। 
दूसरी ओर अतिग्रहित फ़िलिस्तीन के दक्षिणी नगर बिएर शेवा में भी लगभग बीस हज़ार की संख्या में ज़ायोनियों ने सड़कों पर विरोध प्रदर्शन किया। अफ़ूला नगर में होने वाले विरोध प्रदर्शन में लगभग पंद्रह हज़ार ज़ायोनियों ने भाग लिया। इसी प्रकार के विरोध प्रदर्शन इलात, रोश पीना, नहारिया, डिमोना, मोदीईन, पिटाह टिक्वा, रमात हशारोन, होद हशारोन, नेतन्या, बेत शिआन सहित पूरे इस्राईल के दूसरे क़स्बों में विरोध प्रदर्शन हुए। ज्ञात रहे अतिग्रहित फ़िलिस्तीन में पिछले एक महीने से ज़ायोनी, इस्राईली शासन की अर्थव्यवस्था को संभालने में विफलता के विरुद्ध प्रदर्शन कर रहे हैं जिसके परिणाम में सामाजिक असामनता की खाई गहरी हो गयी है। छह अगस्त को तेल अविव में शासन विरोधी प्रदर्शन में 3 लाख से अधिक ज़ायोनियों ने भाग लिया था जो ज़ायोनी शासन के इतिहास का सबसे बड़ा विरोध प्रदर्शन था।
समाचार समाप्त
.......
166