13 अगस्त 2011 - 19:30

राष्ट्रपति डाक्टर महमूद अहमदी नेजाद ने देश पर युद्ध थोपने की ओर से अमरीका और इस्राईल को सचेत करते हुए कहा कि इस्लामी गणतंत्र किसी भी प्रकार के आक्रमण का मुंहतोड़ जवाब देगा.....

राष्ट्रपति डाक्टर महमूद अहमदी नेजाद ने देश पर युद्ध थोपने की ओर से अमरीका और इस्राईल को सचेत करते हुए कहा कि इस्लामी गणतंत्र किसी भी प्रकार के आक्रमण का मुंहतोड़ जवाब देगा। उन्होंने रूसी न्यूज़ चैनल रशिया टुडे से विशेष साक्षात्कार में अमरीका और इस्राईल की ओर संकेत करते हुए कहा कि वे ऐसा करना चाहते हैं परन्तु उन्हें हमारी शक्ति का ज्ञान है। उन्हें पता है कि हम उन्हें मुंहतोड़ जवाब देंगे। श्री अहमदी नेजाद ने फ़ारसी भाषा की एक कहावत का उल्लेख करते हुए जिसका हिन्दी में अनुवाद है जो तुम पर छोटा पत्थर फेंके तुम उस पर उससे बड़ा पत्थर फेंको कहा कि हम पूरी क्षमता के साथ अपनी रक्षा करेंगे। इसके साथ ही राष्ट्रपति डाक्टर महमूद अहमदी नेजाद ने आशा जतायी कि ऐसा दिन कभी नहीं आएगा क्योंकि ईरान पर आक्रमण का कोई तर्क नहीं है। उन्होंने बल दिया कि इस्राईल का अस्तित्व धमकी, आक्रमण और पश्चिम के हितों को सुनिश्चित करने के लिए किया गया है। श्री अहमदी नेजाद ने यह भी बल देकर कहा कि इस्राईल का अस्तित्व आतंक, अतिग्रहण और आक्रमण पर टिका हुआ है। ईरान के शांतिपूर्ण परमाणु कार्यक्रम पर गतिरोध के बीच तेल अविव और वाशिंग्टन ने तेहरान पर गुप्त रूप से सैन्य परमाणु कार्यक्रम चलाने का आरोप लगाते हुए सैनिक आक्रमण की बारंबार धमकी दी है जबकि इस्लामी गणतंत्र ईरान का कहना है कि उसका परमाणु कार्यक्रम पूर्णतः शांतिपूर्ण और परमाणु अप्रसार संधि एनपीटी के परिप्रेक्ष्य में है। अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी भी बारंबार अपनी रिपोर्ट में ईरान के परमाणु कार्यक्रम के शांतिपूर्ण होने की पुष्टि कर चुका है। ज्ञात रहे ईरानी अधिकारी बारंबार सचेत कर चुके हैं कि अमरीका और इस्राईल का ईरान के विरुद्ध किसी प्रकार के आक्रमण का कड़ाई से उत्तर दिया जाएगा जिसके परिणाम में युद्ध मध्यपूर्व से आगे बढ़ जाएगा।
समाचार समाप्त
.........
166