27 जुलाई 2011 - 19:30

भारत और पाकिस्तान के बीच आज बुधवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में विदेश मंत्री स्तर की द्विपक्षीय वार्ता होगी।

भारत और पाकिस्तान के बीच आज बुधवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में विदेश मंत्री स्तर की द्विपक्षीय वार्ता होगी। एक वर्ष के अंतराल के बाद होने वाली विदेश मंत्री स्तर की वार्ता के एजेंडे पर मंगलवार को दोनों देशों के विदेश सचिवों ने विचार विमर्श किया और दोनों पक्षों के बीच विश्वास बहाली के नए उपायों और वार्ता का दायरा बढ़ाने पर सहमति बनी। कश्मीर मुद्दा और मुंबई आतंकवादी आक्रमणों के दोषियों के विरुद्ध तीव्र न्यायिक कार्यवाही जैसे मुद्दे भी चर्चा में आए। मंगलवार दोपहर को भारत पहुंचीं पाकिस्तान की पहली महिला विदेश मंत्री हिना रब्बानी खर ने भारतीय समकक्ष के साथ सकारात्मक बातचीत की आशा जताई। 34 वर्षीया खर ने कहा कि दोनों देश अच्छे पड़ोसियों की तरह आगे बढ़ सकते हैं, जिनके हित परस्पर जुड़े हैं। विदेश सचिवों की वार्ता के बाद पाकिस्तानी विदेश सचिव सलमान बशीर ने कहा कि कश्मीर पाकिस्तान के लिए विशेष महत्व का विषय है और इस बारे में भारतीय विदेश सचिव निरुपमा राव से उनकी बात हुई है। पाकिस्तानी विदेश मंत्री हिना रब्बानी खर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार और संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी से भी भेंट करेंगी तथा गुरुवार दोपहर तक पाक विदेश मंत्री लाहौर रवाना हो जाएंगी।......166