28 जून 2011 - 19:30

ज़ायोनी मंत्रीमंडल ने फ़्लोटिला दो के ग़ज़्ज़ा में प्रवेश को रोकने के लिए नौसेना को सभी संभावित कार्यवाही करने के आदेश दिए हैं।

ज़ायोनी मंत्रीमंडल ने फ़्लोटिला दो के ग़ज़्ज़ा में प्रवेश को रोकने के लिए नौसेना को सभी संभावित कार्यवाही करने के आदेश दिए हैं। ज़ायोनी प्रधान मंत्री के कार्यालय द्वारा जारी किए गए बयान में आया है कि दो दिनों तक बंद द्वार के पीछे बैठक के पश्चात सुरक्षा मामलों की मंत्री परिषद ने, फ़्लोटिला दो के, ग़ज़्ज़ा का इस्राईल की ओर से जारी नाविक परिवेष्टन को तोड़ने के प्रयास को विफल बनाने के लिए नौसेना को सभी संभावित कार्यवाही का अधिकार देने के प्रस्ताव का समर्थन किया है। इस बयान में कहा गया है कि मंत्री परिषद ने इस्राईली सेना को अधिकतम रुकावट खड़ी करने तथा जहाज़ पर सवार कार्यकर्ताओं से झड़प से बचने का आदेश दिया है। इस बीच फ़्लोटिला दो के आयोजकों ने कल बताया कि तेल अविव यूनान सरकार पर जहाज़ की रवानगी को रोकने के लिए दबाव डाल रहा है। ज्ञात रहे ग़ज़्ज़ा के लिए फ़्लोटिला दो यूनान से रवाना होगा और लगभग सात जहाज़ इस समय यूनान की बंदरगाह पर लंगर डाले हुए हैं। ये जहाज़ ग़ज़्ज़ा की ओर बढ़ने से पूर्व दक्षिणी साइप्रस में अंतर्राष्ट्रीय जल में एक साथ हो जाएंगे। दस जहाज़ों के इस बेड़े में विश्व के बाईस देशों के 350 कार्यकर्ता हैं जो लगभग पांच वर्षों से इस्राईल की ओर से ग़ज़्ज़ा के परिवेष्टन को तोड़ने के लिए आज रवाना हो रहे हैं।