20 जून 2011 - 19:30

श्रीलंका क्रिकेट के अध्यक्ष और सचिव भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अधिकारियों को मनाने की कोशिश करेंगे ताकि बीसीसीआई अपने खिलाडियों को पहली श्रीलंका प्रीमियर लीग टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में खेलने की अनुमति दे दे।

श्रीलंका क्रिकेट के अध्यक्ष और सचिव भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अधिकारियों को मनाने की कोशिश करेंगे ताकि बीसीसीआई अपने खिलाडियों को पहली श्रीलंका प्रीमियर लीग टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में खेलने की अनुमति दे दे। एसएलपीएल के पहले संस्करण का आयोजन कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में 19 जुलाई से चार अगस्त तक होना है। श्रीलंका के खेल मंत्री महिंदानंदा अलुथगमागे ने एसएलसी के अध्यक्ष डी एस डीसिल्वा और सचिव निशांत रणतुंगा को भारत जाने के लिए कहा है ताकि दोनों बोर्डों के बीच पैदा हुए मतभेदों को दूर किया जा सके।समझा जाता है कि बुधवार को एक बैठक का आयोजन किया गया है जिसमें दोनों पक्ष श्रीलंका लीग को लेकर भारतीय बोर्ड की आपत्तियों पर विचार विमर्श करेंगे। अलुथगमागे ने कहा, मैंने अध्यक्ष और सचिव को भारत जाने और भारतीय बोर्ड अधिकारियों को आश्वस्त करने के लिए कहा है ताकि भारतीय खिलाडी हमारे टूर्नामेंट में खेल सकें। उन्होंने बताया कि डीसिल्वा सीधे लंदन से भारत पहुंचेंगे जबकि रणतुंगा श्रीलंका से भारत जाएंगे1 डीसिल्वा इस समय लंदन में श्रीलंका टीम के साथ हैं।