अमेरिका के एक शीर्ष सांसद ने दावा किया है कि पाकिस्तान चीन की मदद के बिना परमाणु हथियार हासिल नहीं कर सकता।
सीनेटर जिम वेब ने वाशिंगटन के बौद्धिक संगठन काउंसिल ऑन फारेन रिलेशन को संबोधित करते हुए कहा कि चीन की मदद के बिना पाकिस्तान परमाणु हथियार बनाने में सक्षम नहीं है। चीन और पाकिस्तान के बीच मैत्री संबंध लंबे समय से हैं।
उल्लेखनीय है कि चश्मा में पाकिस्तान चीन की मदद से ही चौथा परमाणु संयंत्र बना रहा है और उसकी ज्यादा से ज्यादा परमाणु हथियार बनाने की महत्वाकांक्षा में लगातार इजाफा हो रहा है।
वेब ने कहा कि हाल ही में पाकिस्तान यात्रा पर गए फॉरेन रिलेशन कमेटी के अध्यक्ष जॉन केरी के वहां से लौटते ही पाकिस्तानी प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी चीन के दौरे पर गए। वहां उन्होंने कहा कि चीन उनका सबसे अच्छा मित्र है।
अमेरिकी सीनेटर का कहना है कि चीन अपनी विकसित होती अर्थव्यवस्था और अत्याधुनिक सैन्य शक्ति से जिस तरह दूसरे देशों को प्रभावित कर रहा है, अमेरिका और अंतरराष्ट्रीय समुदाय को उसे सामंजस्य बना कर चलने को कहना चाहिए।