वेस्टइंडीज के खिलाफ 20 जून से शुरू होने वाले तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में भारत को आज उस समय तगड़ा झटका लगा जब तेज गेंदबाजों जहीर खान और एस श्रीसंथ को चोटिल होने के कारण टीम से हटना पड़ा। उनके स्थान पर प्रवीण कुमार और अभिमन्यु मिथुन टेस्ट टीम से जुडें़गे।
जहीर और श्रीसंथ को टेस्ट सीरीज के लिए 16 सदस्यीय भारतीय टीम में चुना गया था लेकिन अब वह वेस्टइंडीज नहीं जा सकेंगे क्योंकि उन्हें चोटों से उबरने के लिए [रिहैबिलिटेशन] के लिए समय चाहिए। जहीर के दाएं टखने में चोट थी जबकि श्रीसंथ गेंदबाजी करने वाले हाथ की कोहनी की चोट से जूझ रहे हैं। अभिमन्यु मिथुन और प्रवीण कुमार को 10 जुलाई तक समाप्त होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए इन दोनों की जगह टीम में रखा गया है। प्रवीण कुमार टी-20 और वनडे सीरीज खेलने के लिए पहले ही वेस्टइंडीज दौरे पर हैं और उन्हें पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। जबकि अभिमन्यु पहले ही टेस्ट करियर की शुरुआत कर चुके हैं।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने विज्ञप्ति में कहा, 'जहीर और श्रीसंथ वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज में नहीं खेल पाएंगे। जहीर के टखने में जबकि श्रीसंथ की कोहनी में चोट है। दोनों खिलाड़ियों को रिहैबिलिटेशन के लिए कुछ समय चाहिए।' बीसीसीआई ने हालांकि यह नहीं लिखा है कि इन दोनों को चोटों से उबरने के लिए कितना समय चाहिए। वेस्टइंडीज सीरीज के बाद भारतीय टीम 21 जुलाई से शुरू होने वाली चार टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने के लिए इंग्लैंड का पूर्ण दौरा करेगी।
जहीर और श्रीसंथ के वेस्टइंडीज दौरे पर भारतीय टेस्ट टीम से बाहर होने से टीम और कमजोर हुई है क्योंकि वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर और युवराज सिंह पहले ही चोटों के कारण बाहर हैं जबकि सचिन तेंदुलकर ने इस सीरीज से हटने का फैसला किया था। जहीर को वेस्टइंडीज के खिलाफ मौजूदा पांच मैचों की वनडे सीरीज के लिए भी आराम दिया गया था जबकि श्रीसंथ को इसमें नहीं चुना गया था। दोनों खिलाड़ी विश्व कप के बाद आईपीएल में खेले थे। इन दोनों तेज गेंदबाजों की चोटों से एक बार फिर 'क्लब बनाम देश' का मुद्दा शुरू हो जाएगा क्योंकि सहवाग और गंभीर चोटों चोटों के बावजूद आईपीएल में खेले थे।