ईरान की नौसेना ने दावा किया है कि हुर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्वी हिस्से में एक और तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंग से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गया। ईरानी अधिकारियों के मुताबिक, यह पिछले कुछ घंटों में इस तरह की तीसरी घटना है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईरानी नौसेना के जनसंपर्क विभाग ने बताया कि संबंधित तेल टैंकर घोषित नियमों का उल्लंघन करते हुए प्रतिबंधित समुद्री रास्ते से गुजर रहा था। आरोप है कि जहाज के नेविगेशन सिस्टम बंद थे। इसी दौरान वह समुद्री बारूदी सुरंग से टकरा गया और उसमें आग लग गई।
ईरानी नौसेना के मुताबिक, बीती रात 11 बजे से अब तक होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्वी हिस्से में तीन तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंगों से टकराने के बाद आग की चपेट में आ चुके हैं। इन घटनाओं के कारण तीनों जहाजों की आवाजाही रुक गई है।
ईरानी नौसेना ने अमेरिकी राष्ट्रपति के बयानों को खारिज करते हुए कहा कि जलडमरूमध्य बंद है और जब तक ईरान जरूरी समझेगा, इसे बंद रखा जाएगा।
नौसेना ने सभी जहाजों को चेतावनी दी है कि वे केवल निर्धारित समुद्री रास्तों से ही गुजरें और ईरानी सशस्त्र बलों की ओर से जारी नियमों का पालन करें।
ईरानी नौसेना ने शिपिंग कंपनियों और तेल टैंकरों के मालिकों से कहा है कि वे प्रतिबंधित रास्तों से गुजरने और अपने नेविगेशन सिस्टम बंद करने से बचें। नौसेना ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले जहाजों को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
आपकी टिप्पणी