इस्राईल के पूर्व वरिष्ठ सैन्य अधिकारी इसहाक ब्रिक ने ईरान के खिलाफ दोबारा युद्ध शुरू करने के खतरे को लेकर चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि अगर ईरान के खिलाफ फिर से सैन्य कार्रवाई की गई और उसमें इस्राईल भी शामिल हुआ, तो यह युद्ध पूरे क्षेत्र में फैल सकता है। इस युद्ध में इस्राईल को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
इसहाक ब्रिक ज़ायोनी सेना में जनरल रह चुके हैं और सेना के जवानों की शिकायतों से जुड़े विभाग के पूर्व प्रमुख भी रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने इस समय दो विकल्प हैं। पहला, ईरान पर सैन्य हमले तेज करके ताकत के बल पर निर्णायक जीत हासिल करने की कोशिश करना और दूसरा, आर्थिक दबाव जारी रखते हुए ऐसा समझौता करना, जिससे युद्ध खत्म हो सके और तनाव और न बढ़े।
ब्रिक के मुताबिक, ट्रंप के फैसले के पीछे केवल सैन्य और राजनीतिक आकलन ही नहीं हैं, बल्कि ईरान के हाथों उन्हें जो अपमान महसूस हुआ है, वह भी एक बड़ी वजह बन सकता है। ऐसे में ट्रंप रणनीतिक हितों के बजाय बदला लेने की भावना से ईरान पर हमला करने का फैसला कर सकते है।
इसहाक ब्रिक ने चेतावनी दी कि अगर बदले की भावना से सैन्य कार्रवाई की गई, तो इसके गंभीर परिणाम पूरे क्षेत्र को भुगतने पड़ सकते हैं। ईरान के खिलाफ एक और युद्ध, जिसमें इस्राईल की भागीदारी भी हो सकती है, तेजी से बड़े क्षेत्रीय युद्ध में बदल सकता है।
उन्होंने कहा कि ऐसे युद्ध में इस्राईल को बहुत बड़ा और असहनीय नुकसान होगा। इस्राईल अभी तक पिछले संघर्षों में हुए नुकसान की भरपाई भी नहीं कर पाया है।
उन्होंने अमेरिका के जिम्मेदार अधिकारियों से अपील की कि वे ट्रंप को एक और युद्ध शुरू करने से रोकें, क्योंकि तनाव बढ़ने से मौजूदा संघर्ष से कहीं ज्यादा बड़ा टकराव पैदा हो सकता है।
ब्रिक ने कहा कि केवल हवाई हमलों के जरिए ईरान के खिलाफ सैन्य जीत हासिल करने की सोच वास्तविकता से दूर है। हवाई हमले न तो ईरान की सरकार को गिरा सकते हैं और न ही उसे परमाणु शक्ति बनने से रोक सकते हैं।
इसहाक ब्रिक ने पिछले युद्धों का हवाला देते हुए कहा कि अमेरिका और इस्राईल ईरान के खिलाफ अपने सभी रणनीतिक लक्ष्य हासिल करने में नाकाम रहे हैं। इन हमलों से ईरान को केवल कुछ समय के लिए नुकसान पहुंचा, जबकि इसके उलट ईरान की अपनी क्षमताओं को और विकसित करने की इच्छा मजबूत हुई।
उन्होंने कहा कि पिछले अनुभवों से साफ है कि हवाई हमले ईरान के परमाणु कार्यक्रम को रोकने या उसके खिलाफ निर्णायक सैन्य जीत हासिल करने में सक्षम नहीं हैं।
उनके अनुसार, ऐसी कार्रवाई का नतीजा यह हो सकता है कि इस्राईल एक बड़े क्षेत्रीय युद्ध में फंस जाए और उसे इसकी भारी कीमत चुकानी पड़े।
आपकी टिप्पणी