मस्कत: ओमान के विदेश मंत्री बद्र अल-बुसैदी ने क्षेत्र में किसी भी नए सैन्य दुस्साहस के गंभीर परिणामों की चेतावनी देते हुए अमेरिका और इस्राईल से ईरान के खिलाफ धमकियां बंद करने की मांग की है।
अल-मसीरा नेटवर्क कि रिपोर्ट के अनुसार ओमान के विदेश मंत्री बद्र अल-बुसैदी ने ब्रिटेन के चैनल 4 के साथ बातचीत में कहा कि फारस की खाड़ी की सुरक्षा की जिम्मेदारी क्षेत्र के देशों की होनी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि क्षेत्रीय देशों को अपनी सुरक्षा के लिए बाहरी शक्तियों पर निर्भर नहीं रहना चाहिए।
अल-बुसैदी ने उम्मीद जताई कि क्षेत्र के अन्य देश भी इस वास्तविकता को समझेंगे कि भौगोलिक स्थिति ने उन्हें एक-दूसरे से जोड़ रखा है और ईरान भी इसी क्षेत्र का अभिन्न हिस्सा है।
ओमान के विदेश मंत्री ने फारस की खाड़ी में मौजूदा सुरक्षा समीकरणों को बदलने और एक नया क्षेत्रीय सुरक्षा ढांचा स्थापित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था में अमेरिका पर निर्भरता कम होनी चाहिए और क्षेत्रीय देशों को अपनी सुरक्षा से जुड़े मामलों में प्रमुख भूमिका निभानी चाहिए।
आपकी टिप्पणी