21 अक्टूबर 2026 - 18:16
ईरान का दो टूक संदेश: ‘एक ग्राम यूरेनियम भी देश से बाहर नहीं जाएगा’

तेहरान ने साफ किया—अमेरिका पहले ईरान की मांगें माने, तभी बातचीत आगे बढ़ेगी

ईरान और अमेरिका के बीच शांति वार्ता बहाल कराने की कोशिशों के बीच परमाणु यूरेनियम को लेकर तेहरान ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। ईरान ने दोटूक कहा है कि उसका एक ग्राम भी यूरेनियम देश से बाहर नहीं भेजा जाएगा। ईरान का यह संदेश पाकिस्तान के जरिए अमेरिका तक पहुंचाने की कोशिश की गई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान के सुरक्षा प्रमुख मोहसिन रजाई ने मंगलवार को पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर के साथ बातचीत के दौरान यह रुख सामने रखा। मुनीर अमेरिका और ईरान के बीच रुकी हुई शांति वार्ता को दोबारा शुरू कराने के प्रयासों के तहत तेहरान पहुंचे थे।

ईरान की सरकारी मीडिया के अनुसार, मोहसिन रेजाई ने कहा कि देश की परमाणु सामग्री ईरानी जनता की महत्वपूर्ण संपत्ति और राष्ट्रीय धरोहर है। इसका उपयोग ईरान के भीतर ही किया जाना चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी इसी रुख को दोहराया।

रजाई ने यह भी स्पष्ट किया कि जब तक अमेरिका ईरान की मांगों को स्वीकार नहीं करता, तब तक उसके साथ बातचीत आगे बढ़ने की उम्मीद नहीं है। इस बयान से संकेत मिलता है कि परमाणु सामग्री को देश से बाहर भेजने का मुद्दा दोनों पक्षों के बीच वार्ता में एक अहम अड़चन बना हुआ है।

पाकिस्तान अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम करने तथा शांति वार्ता बहाल कराने की कोशिश कर रहा है। ऐसे में तेहरान का यह सख्त रुख मध्यस्थता के प्रयासों को चुनौती दे सकता है। अब देखना होगा कि वॉशिंगटन और तेहरान के बीच मतभेदों को दूर करने के लिए पाकिस्तान की पहल क्या दिशा लेती है।

आपकी टिप्पणी

You are replying to: .
टिप्पणीसंकेत
captcha