बगदाद: इराक के प्रधानमंत्री अली अल-जैदी ने इस्लामी देशों से क्षेत्र में शांति और स्थिरता स्थापित करने के लिए मिलकर प्रयास करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय संकटों के बीच इस्लामी देशों को आपसी सहयोग बढ़ाने और अपने लोगों के हितों की रक्षा के लिए एकजुट होना चाहिए।
अल-मयादीन की रिपोर्ट के मुताबिक, अली अल-जैदी ने इस्लामी सहयोग संगठन (OIC) के सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक की शुरुआत में यह बात कही।
इराकी प्रधानमंत्री ने कहा कि इस्लामी सहयोग संगठन सदस्य देशों के बीच भाईचारे और एकजुटता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने फिलिस्तीन के मुद्दे पर इराक के रुख को दोहराते हुए कहा कि फलस्तीन का सवाल क्षेत्र में जारी संघर्षों का प्रमुख केंद्र है। फलस्तीनी लोगों के अधिकारों की रक्षा करना जरूरी है, क्योंकि उनके अधिकारों की गारंटी ही क्षेत्र में सुरक्षा और स्थिरता की बुनियाद है।
अली अल-जैदी ने कहा कि क्षेत्र में जारी संघर्षों का असर इराक पर भी पड़ा है। देश को इन संघर्षों के आर्थिक परिणामों का सामना करना पड़ा है और अब भी करना पड़ रहा है।
उन्होंने जोर दिया कि आपसी सहयोग और एक-दूसरे के मतभेदों को स्वीकार करना ही बातचीत, विवादों को दूर करने और इस्लामी देशों के बीच एकता मजबूत करने का रास्ता है।
इराकी प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार को आसान बनाने, व्यापारिक मार्गों की सुरक्षा करने और अंतरराष्ट्रीय रास्तों से सामान की आवाजाही सुनिश्चित करने की जरूरत पर भी जोर दिया।
उन्होंने बताया कि इराक ऊर्जा नेटवर्क, रेलवे, परिवहन व्यवस्था और डिजिटल संचार प्रणालियों को आपस में जोड़ने के लिए एक संयुक्त पहल पेश कर रहा है। इसका उद्देश्य सदस्य देशों के बीच संपर्क और सहयोग को मजबूत करना है।
अली अल-जैदी ने इस्लामी सहयोग संगठन के सदस्य देशों से अपील की कि वे क्षेत्र में शांति और स्थिरता स्थापित करने के लिए अपने प्रयास तेज करें। उन्होंने कहा कि आपसी सहयोग, संवाद और एकता के जरिए क्षेत्रीय चुनौतियों का सामना किया जा सकता है।
आपकी टिप्पणी