वाशिंगटन: अमेरिका ने इस्राईल को ईरान के खिलाफ अगले तीन सप्ताह के भीतर संभावित सैन्य अभियान की तैयारियों की जानकारी दी है। अमेरिकी अधिकारियों में से एक ने समाचार पोर्टल एक्सियोस को दिए साक्षात्कार में यह दावा किया।
अल-मयादीन की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी अधिकारियों ने इस्राईल को ईरान के खिलाफ संभावित सैन्य कार्रवाई की तैयारियों से अवगत कराया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, हिब्रू भाषा के चैनल-14 ने जानकार सूत्रों के हवाले से बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयानों के बाद इस्राईल में सतर्कता का स्तर बढ़ा दिया गया है।
इस्राईली मीडिया के अनुसार, वहां के सुरक्षा आकलनों में आने वाले सप्ताहों में ईरान के साथ दोबारा संघर्ष शुरू होने की संभावना जताई गई है। हालांकि, ट्रंप ने कथित तौर पर कहा है कि अमेरिका के मध्यावधि कांग्रेस चुनावों से पहले ईरान पर हमला नहीं किया जाएगा, लेकिन इस्राईल में सेना को हाई अलर्ट पर रखा गया है और संभावित सैन्य टकराव की तैयारी की जा रही है।
इस्राईली मीडिया ने ट्रंप के उस बयान का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि मध्यावधि चुनावों तक ईरान पर हमला नहीं किया जाएगा। इसके बावजूद, इन मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि ईरान पर नए हमले की आशंका पहले से अधिक बढ़ गई है और इस्राईल को संभावित युद्ध के लिए तैयार रहना चाहिए।
इस्राईल के चैनल-12 ने रिपोर्ट किया कि अमेरिकी सेना के कमांडरों ने दो दिन पहले इस्राईली सेना के चीफ ऑफ स्टाफ एयाल ज़मीर को जानकारी दी थी कि व्हाइट हाउस ने आने वाले सप्ताहों में ईरान पर संभावित बड़े अमेरिकी हमले की तैयारी के लिए निर्देश जारी किए हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, ज़मीर ने इस्राईल के राजनीतिक नेतृत्व को चेतावनी दी कि ईरान पर हमला होने की स्थिति में इस्राईल में 27 अक्टूबर को प्रस्तावित चुनाव स्थगित हो सकते हैं।
आपकी टिप्पणी