3 जनवरी 2021 - 18:27
बाइडन की विजय को हार में बदलने की नई कोशिश...रिपब्लिकन्स की गतिविधियां तेज़, उप राष्ट्रपति पेन्स ख़ुश...अमरीकी लोकतंत्र को ध्वस्त करने की चालों की आलोचना भी

अमरीका के उप राष्ट्रपति माइक पेन्स ने कहा कि देश के राष्ट्रपति चुनाव में भारी धांधली को लेकर करोड़ों अमरीकियों की गहरी चिंता में वह ख़ुद भी शामिल हैं।

इस बीच 11 रिपब्लिकन सेनेटरों ने कहा है कि वह चुनाव नतीजों की पुष्टि नहीं करेंगे। इस बीच बहुत से रिपब्लिकन और डेमोक्रेट नेता लोकतंत्र को नाकाम बनाने वाली कार्यवाहियों की आलोचना कर रहे हैं।

उप राष्ट्रपति पेन्स का बयान मीडिया में आया है कि चुनावों में भारी धांधली को लेकर राष्ट्रपति ट्रम्प को भी गहरी चिंता है जबकि करोड़ों अमरीकी मतदाता भी इस स्थिति से गहरी चिंता में हैं।

पेन्स का कहना था कि चुनाव नतीजों को रोकने के लिए कांग्रेस में जो कोशिशें हो रही हैं वह सराहनीय हैं और यह काम क़ानून की ओर से सांसदों को हासिल अधिकार के आधार पर किया जा रहा है।

दूसरी ओर फ़ेडरल अपील कोर्ट ने शनिवार को सांसद लुई गोमर्थ की ओर से दायर किया गया मुक़द्दमा ख़ारिज कर दिया जिसमें कहा गया था कि उप राष्ट्रपति पेन्स को बुधवार के दिन कांग्रेस की बैठक में जो बाइडन की चुनावी विजय को ख़ारिज कर देने का अधिकार है।

इससे पहले यह याचिका टेक्सास की फ़ेडरल अदालत भी ख़ारिज कर चुकी है जहां तीन जजों ने कहा कि मुक़द्दमा दायर करने वाले रिपब्लिकन नेताओं के पास यह मुक़द्दमा दायर करने का क़ानूनी अधिकार नहीं है।

इस बीच वरिष्ठ सेनेटर टेड क्रूज़ के नेतृत्व में 11 सेनेटरों ने शनिवार को एक बयान जारी करके कहा कि जिस चुनाव में राष्ट्रपति ट्रम्प की हार हुई है उसमें बहुत बड़े पैमाने पर धांधली हुई है और ग़ैर क़ानूनी रवैया अपनाया गया है।

इसके अलावा भी कई रिपब्लिकन नेता चुनाव नतीजों की पुष्टि के लिए आयोजित होने वाली कांग्रेस की बैठक में अपना विरोध दर्ज कराने वाले हैं।

रिपब्लिकन सेनेटर मार्शा ब्लैकबर्न ने फ़ाक्स न्यूज़ से बातचीत में कहा कि करोड़ों अमरीकी महसूस करते हैं कि चुनाव न्यायसंगत नहीं थे।

उन्होंने कहा कि हम अपने सहयोगियों के साथ मिलकर कांग्रेस से मांग करेंगे कि विवाद वाले राज्यों के चुनाव नतीजों की पुनरसमीक्षा के लिए समिति का गठन किया जाए।

दूसरी ओर प्रतिनिधि सभा में डेमोक्रेट सांसद टिम रियान ने कहा कि जो रिपब्लिकन नेता चुनाव नतीजों की पुष्टि करने से इंकार कर रहे हैं वह दरअस्ल राष्ट्रपति ट्रम्प के समर्थकों को अपने राजनैतिक स्वार्थों के लिए इस्तेमाल करना चाहते हैं।

रिपब्लिकन सेनेटर मिट रोमनी ने कहा कि रिपब्लिकन सांसदों की ओर से चुनाव नतीजों की पुष्टि की प्रक्रिया में रुकावट डालने की कोशिशों से देश के सामने बहुत गंभीर ख़तरा खड़ा हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव नतीजों की पुष्टि से इंकार बेहद ख़तरनाक हालात में कर सकती है और इस समय वैसे हालात नहीं हैं।

रोमनी ने कहा कि चुनाव नतीजों को बदलने की ट्रम्प की कोशिश नाकाम रही क्योंकि न्याय मंत्रालय को बड़े पैमाने पर धांधली के सुबूत नहीं मिले।

रिपब्लिकन सेनेटर का कहना था कि ट्रम्प अपने समर्थकों को जो बाइडन के शपथ ग्रहण के दिन वाशिंग्टन की सड़कों पर उतारने का इरादा रखते हैं जिससे टकराव होगा।

आज़ाद सेनेटर बर्नी सैंडर्ज़ ने कहा कि चुनाव नतीजों को निरस्त करवाने की रिपब्लिकन नेताओं की कोशिशों से लगता है कि वह देश, राष्ट्र, लोकतंत्र और मतदाताओं को नुक़सान पहुंचाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव नतीजों में कोई संदेह नहीं है, कांग्रेस इसकी पुष्टि करेगी जैसा पिछले 231 वर्षों से होता आ रहा है।

निर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन के चुनावी कैम्पेन के प्रवक्ता ने कहा कि रिपब्लिकन सांसदों का बयान ड्रामेबाज़ी है।