इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने कुछ अमेरिकी संचार माध्यमों की ख़बरों की प्रतिक्रिया में कहा है कि कायरतापूर्ण तरीक़े से दूसरे देशों के नेताओं की हत्या करना अमेरिका और इस्राईल से विशेष है।
अमेरिकी समाचार पत्र वाशिंग्टन टाइम्स की वेबसाइट ने गुरूवार को दावा किया था कि ईरान के राष्ट्रपति डॉक्टर हसन रूहानी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को जान से मारने की धमकी दी है।
वाशिंग्टन टाइम्स का यह दावा ऐसी स्थिति में सामने आ रहा है जब ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी ने कल कहा था कि ट्रंप सद्दाम की भांति हैं। उन्होंने कहा कि तानाशाह सद्दाम ने आठ वर्षीय युद्ध ईरान पर थोपा और उसका अंत हो गया और ट्रंप ने भी ईरान पर तीन वर्षों तक आर्थिक युद्ध थोप दिया और अगले सप्ताह उनकी सरकार का अंत हो जायेगा और उन्होंने जो अपराध व अत्याचार किया है उसके कारण वह प्रतिष्ठाहीन व्यक्ति के रूप में इतिहास में बाक़ी रहेंगे।
विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता सईद ख़तीबज़ादे ने शुक्रवार को ट्वीट किया कि कायरतापूर्ण तरीक़े से दूसरे देशों के नेताओं की हत्या अमेरिका और इस्राईल का ट्रेड मार्क है।
उन्होंने कहा कि वाशिंग्टन टाइम्स को इससे भी परिपक्व होना चाहिये कि वह मनगढंत और पक्षपात से भरी ईरान विरोधी ख़बरें प्रकाशित न करे यद्यपि यह समाचार पत्र इससे पहले ग़ैर कानूनी और आतंकवादी गुट MKO से पैसा लेकर कुछ बातें प्रकाशित कर चुका है।
ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने अपने ट्वीट में वाशिंग्टन टाइम्ज़ के ज़िम्मेदारों को संबोधित करते हुए बल देकर कहा है कि आपके पाठकों को अच्छी और सच्ची ख़बरों की ज़रूरत है।