1 जनवरी 2021 - 16:27
यमन ने प्रतिरोधक संतुलन की क्षमता हासिल कर ली है, अल-हौसी

यमन की उच्च क्रंति समिति के प्रमुख का कहना है कि उनका देश, हमलावर सऊदी सैन्य गठबंधन के ख़िलाफ़, शक्ति का संतुलन स्थापित करने की स्थिति में पहुंच गया है।

शुक्रवार को इर्ना की रिपोर्ट के मुताबिक़, यमन की उच्च क्रंति समिति के प्रमुख मोहम्मद अली अल-हौसी का कहना था कि यह प्रतिरोधक संतुलन, उन सफलताओं का नतीजा है, जो यमनी बलों ने दुश्मन के मुक़ाबले में हासिल की हैं।

अल-हौसी ने आगे कहाः शक्ति का संतुलन एक ऐसी उपलब्धि है, जिस पर लाखों यमनियों को गर्व है।

ग़ौरतलब है कि यमनी सेना ने पिछले कुछ हफ़्तों के दौरान, जीज़ान, असीर और मारिब प्रांतों में सऊदी सैन्य गठबंधन के कई जासूसी ड्रोन विमानों को मार गिराया है।

गठबंधन के ड्रोन विमानों के मार गिराने और यमन की मिसाइल प्रगति से चिंतित सऊदी शासन ने अपनी रडार प्रणाली को मज़बूत बनाने के लिए एक बार फिर फ़्रांस का रुख़ किया है।