भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी ने एक सभा में, किसानों को गाली दी और कहा कि देश में 80 करोड़ किसान हैं, बार्डरों पर 500, हज़ार या डेढ़ हज़ार किसान बैठे हैं। ये सब के सब कनाडा और पाकिस्तान से आए पैसों को लेकर बैठे हैं। वे इसलिए बैठे हैं क्योंकि फोकट के पैसों से बढ़िया खाना मिल रहा है, गर्म पानी मिल रहा है, रज़ाई मिल रही है, इसलिए बैठे हैं कि मोदी को हराना है। भाजपा नेता के इस बयान पर सोशल मीडिया पर लोगों ने रोष जताया है।
उधर तीनों विवादित क़ानून वापस लेने पर डटे किसानों ने मंगलवार को अंबाला में हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर के काफ़िले को रोक लिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने गाड़ियों पर डंडे बरसाए, काले झंडे दिखाए और सरकार के ख़िलाफ़ नारेबाज़ी की। किसानों ने कहा है कि जब तक कृषि क़ानून वापस नहीं लिए जाते तब तक आंदोलन जारी रहेगा।