21 दिसंबर 2020 - 15:41
नए प्रकार के कोविड-19 ने विशेषज्ञों के होश उड़ा दिए, सऊदी अरब ने अपनी सभी सीमाओं को किया सील

ब्रिटेन में ज़्यादा ख़तरनाक और तेज़ी से फैलने वाले कोविड-19 के नए वेरिएंट मिलने के बाद, सऊदी अरब ने सभी यात्रियों के लिए अपनी सीमाओं को सील कर दिया है।

रियाज़ ने कम से कम एक हफ़्ते के लिए अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों के साथ-साथ समुद्री और ज़मीनी रास्तों को भी बंद कर दिया है, इसलिए कि सबसे पहले ब्रिटेन में मिलने वाला कोरोना वायरस का नया वेरिएंट, ज़्यादा घातक और बेक़ाबू बताया जा रहा है।

यहां तक कि नए कोरोना वायरस वेरिएंट मिलने के बाद यूरोप के कई देशों ने ब्रिटेन की यात्रा पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। नए प्रकार का यह कोरोना वायरस, लंदन और दक्षिण-पूर्वी इंग्लैंड में तेज़ी से फैल रहा है।

सऊदी प्रेस एजेंसी ने सरकारी सूत्रों के हवाले से बताया है कि नई क़िस्म के कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

इसके तहत सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को एक हफ़्ते के लिए रद्द कर दिया गया है, जिसे अगले हफ़्ते आगे भी बढ़ाया जा सकता है। इसी तरह से बंदरगाहों और ज़मीनी रास्तों को भी बंद कर दिया गया है।

एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक़, ये क़दम नए प्रकार के वायरस पर निंयत्रण के लिए एहतियात के तौर पर उठाए गए हैं, जब तक कि तेज़ी से फैलने वाले इस वायरस की प्रवृत्ति का पता नहीं चल जाता है।

ब्रिटिश विशेषज्ञों का कहना है कि नया वेरियंट ज़्यादा घातक है या इस पर वैक्सीन काम करेगी, इस बात का कोई प्रमाण नहीं है। लेकिन यह पहले वाले वायरस के मुक़ाबले 70 प्रतिशत अधिक संक्रामक है।

आयरलैंड, जर्मनी, फ़्रांस, इटली, नीदरलैंड्स और बेल्जियम ने ब्रिटेन से आने और जाने वाली सभी उड़ानों को रद्द कर दिया है।