15 दिसंबर 2020 - 16:12
ईरान को हराने का सपना देखने वाले ख़ुद ही हार कर व्हाइट हाउस छोड़ रहे हैं

ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी ने कहा है कि जो लोग प्रतिबंध लगाकर ईरान को झुकाना चाहते हैं, उन्हें चाहिए कि वह अपने इस ग़लत विचार को हमेशा के लिए त्याग दें।

मंगलवार को तेहरान में आर्थिक संपर्क समिति की बैठक में राष्ट्रपति रूहानी ने कहाः आर्थिक युद्ध में ईरानी जनता को भारी नुक़सान उठाना पड़ा है, लेकिन प्रतिबंध लगाने वाले जो लोग यह भविष्यवाणी कर रहे थे कि जल्द ही ईरान की अर्थव्यवस्था बिखर जाएगी, वह ऐसी स्थिति में व्हाइट हाउस को छोड़ रहे हैं कि जब ईरान इस असमान आर्थिक युद्ध में पहले से ज़्यादा ताक़तवर होकर उभरा है।

ईरानी राष्ट्रपति ने कहा कि अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने ईरान की क्षमताओं को नहीं पहचाना और भ्रम के आधार पर अपनी नीतियों का निर्धारण किया।

रूहानी ने कहा कि ईरान से मुक़ाबले में ट्रम्प प्रशासन की पराजय अमरीकी राष्ट्रपति चुनाव में उनकी हार का एक प्रमुख कारण थी।

ट्रम्प ने 2018 में परमाणु समझौते से निकलने के बाद ईरान पर अब तक के सबसे कड़े प्रतिबंध लगा दिए थे, लेकिन अधिकतम दबाव की उनकी नीति का कोई परिणाम नहीं निकल सका।