7 दिसंबर 2020 - 15:25
ईरान ने किया आधुनिक सेंट्रीफ़्यूज मशीनें इन्सटाल करने का एलान तो क्रोध में आ गए यूरोपीय देश

तीन यूरोपीय देशों फ़्रांस, ब्रिटेन और जर्मनी ने सोमवार को कहा है कि नतन्ज़ परमाणु केन्द्र में अतिरिक्त सेंट्रीफ़्यूज मशीनें इन्सटाल करने के ईरान के एलान से उन्हें गहरी चिंता है।

तीनों देशों की ओर से जारी होने वाले बयान में कहा गया है कि अगर ईरान चाहता है कि डिप्लोमेसी का स्पेस सुरक्षित रहे तो अपने इस फ़ैसले पर अमल न करे।

पेरिस, लंदन और बरलिन ने कहा कि ईरान नतन्ज़ परमाणु केन्द्र में आधुनिक सेंट्रीफ़्यूज मशीनें लगाने का इरादा रखता है जो बेहद चिंताजनक विषय है।

इससे पहले अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी आईएईए ने शुक्रवार को कहा था कि ईरान ने संयुक्त राष्ट्र के जांचकर्ताओं को सूचना दे दी है कि वह नतन्ज़ परमाणु केन्द्र में आईआरटूएम सेंट्रीफ़्यूज मशीनें लगाने जा रहा है।

ईरान ने परमाणु समझौते के बाद बहुत सी परमाणु गतिविधियां रोक दी थीं और इसकी पुष्टि आईएईए ने अपनी रिपोर्टों में बार बार की मगर इस समझौते में शामिल तीनों यूरोपीय देशों ने समझौते के तहत अपनी प्रतिबद्धताओं पर कोई अमल नहीं किया जबकि अमरीका तो इस समझौते से बाहर ही निकल गया था।

ईरान ने यूरोपीय देशों को प्रतिबद्धताओं पर अमल करने के लिए समय दिया मगर यूरोप की ओर से आनाकानी के बाद ईरान ने धीरे धीरे परमाणु समझौते की प्रतिबद्धताओं का पालन कम करना शुरू कर दिया और हर चरण में यह एलान किया कि जब यूरोपीय देश समझौते का पालन शुरू कर देंगे तो ईरान भी पिछली स्थिति बहाल कर देगा।