दिल्ली की सरहदों पर किसानों का आंदोलन जारी है। जहाँ एक ओर किसानों ने बुराड़ी में आंदोलन करने के सरकार की पेशकश को रद्द किया और रामलीला या फिर जंतर मंतर पर आंदोलन करने की इजाज़त मांगी है वहीं कॉन्ग्रेस पार्टी ने सरकार पर हमला करते हुए कहा कि प्रधान मंत्री के क़ानूनों के समर्थन में लगातार जोर देने से साबित होता है सरकार सत्ता के नशे में है।
कांग्रेस का सरकार पर हमला
कांग्रेस पार्टी ने प्रधान मंत्री मोदी से मांग की है कि उन्हें तीनों कृषि क़ानूनों को निलंबित करने का एलान करना चाहिए। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा कि भारत के 62 करोड़ किसानों और खेतिहर मज़दूरों के मुद्दों पर प्रधान मंत्री की ज़िद, अहंकार और अड़ियल रवैया आज के ‘मन की बात’ में उनके इस बयान में साफ़ तौर पर दिखा कि संसद द्वारा ग़ैरक़ानूनी व असंवैधानिक तरीक़े से पारित तीनों किसान विरोधी कृषि विरोधी क़ानून सही हैं।
दूसरी ओर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मोदी सरकार की किसान नीति की आलोचना करते हुए तंज़ किया कि मोदी सरकार ने किसानों की आय दुगुनी करने का वादा किया था, पर अदानी-अंबानी की आय बढ़ाई।
राहुल गांधी ने ट्वीटर पर मोदी सरकार की आलोचना करते हुए लिखाः वादा था किसानों की आय दुगुनी करने का, मोदी सरकार ने आय तो कई गुना बढ़ा दी लेकिन अदानी-अंबानी की! जो कृषि क़ानूनों को अब तक सही बता रहे हैं, वो क्या ख़ाक किसानों के पक्ष में हल निकालेंगे।