विश्व स्वास्थ्य संगठन ने बताया है कि अमरीका में दो लाख से अधिक लोग रोज़ाना कोरोना का शिकार हो रहे हैं। इस प्रकार अमरीका, कोरोना से प्रभावित होने वालों की दृष्टि में संसार में सबसे पहले नंबर पर है।
संचार माध्यमों के अनुसार वैश्विक महामारी कोरोना वायरस से गंभीर रूप से जूझ रहे अमेरिका में इसके संक्रमण से अबतक 2 लाख 55 हज़ार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।अमेरिका में यह महामारी विकराल रूप ले चुकी है और अबतक 1.20 करोड़ से अधिक लोग इससे संक्रमित हो चुके हैं।
अमेरिका की जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के विज्ञान एवं इंजीनियरिंग केन्द्र (सीएसएसई) की ओर से जारी किए गए ताजा आंकड़ों के मुताबिक अमेरिका में कोरोना से मरने वालों की संख्या 2,55,804 पहुंच गयी है जबकि संक्रमितों की संख्या 1,20,85,389 हो गयी है। अमेरिका का न्यूयॉर्क, न्यूजसीर् और कैलिफोर्निया प्रांत कोरोना से सबसे बुरी तरह प्रभावित बताया जा रहा है।
अकेले न्यूयॉर्क में कोरोना संक्रमण के कारण 34,287 लोगों की मौत हुई है। न्यूजर्सी में अबतक 16,746 लोगों की इस महामारी के कारण मौत हो चुकी है। कैलिफोर्निया में कोविड-19 से अबतक 18,670 लोगों की मौत हो चुकी है। टेक्सास में इसके कारण 20,903 लोग अबतक अपनी जान गंवा चुके हैं जबकि फ्लोरिडा में कोविड-19 से 17,930 लोगों की जान गई है। इसके अलावा मैसाचुसेट्स में 10,488 जबकि पेंसिल्वेनिया में कोरोना से संक्रमित होकर 9,775 लोगों की मौत हुई है।