कोविड-19 से संक्रमित होने वाले लोगों की संख्या विश्व में बढ़कर 5 करोड 75 लाख हो गई है। कोविड से अबतक संसार में 13 लाख 71 हज़ार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।
अमेरिका की जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के विज्ञान एवं इंजीनियरिंग केन्द्र की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार विश्व के 190 देशों में कोरोना वायरस से अबतक 57,514,482 लोग संक्रमित हुए हैं। कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 13,71,583 को पार कर चुकी है। बताया जा रहा है कि कोरोना से सबसे अधिक प्रभावित देश अमेरिका है जो इस महामारी से संक्रमितों और मृतकों के मामले में विश्व में पहले स्थान पर है। संक्रमण से मुक्त होने वाले लोगों के मामले में अमरीका, तीसरे स्थान पर है। अमेरिका में अबतक 11,908,396 लोग संक्रमित हुए हैं जिनमें से 254,383 संक्रमितों की मौत हो चुकी है।
याद रहे कि विश्व में दर्ज किये गए कोरोना के कुल मामलों में से लगभग 48 प्रतिशत मामले अमेरिका, भारत और ब्राजील के हैं। इस महामारी से संक्रमित लोगों और मृतकों की संख्या के मामले में पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर क्रमश: अमेरिका, भारत और ब्राजील है। इस संक्रमण से तेजी से मुक्त होने वाले लोगों की संख्या के मामलों में भारत, ब्राजील और अमेरिका क्रमश: पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।