अलास्का से रिपब्लिक प्रत्याशी डेन साल्वेन ने आज़ाद उम्मीदवार एलग्रास को हरा दिया है जिनका समर्थन डेमोक्रेटिक पार्टी कर रही थी। इस तरह 100 सदस्यीय सेनेट में रिपब्लिकन पार्टी की सीटों की संख्या 50 हो गई है जबकि डेमोक्रेटिक पार्टी के पास 48 है। अगर जाॅर्जिया की दो सीटें डेमोक्रेटिक पार्टी को मिल जाती हैं तो सेनेट में उसकी सीटों की संख्या भी 50 हो जाएगी। अमरीकी संविधान के अनुसार जब सेनेट में किसी मामले में वोटों की संख्या बराबर हो जाए तो उपराष्ट्रपति, सेनेट के प्रमुख के रूप में टाई ब्रेकर वोट देकर स्थिति को सामान्य बना सकता है। इस तरह निर्वाचित उप राष्ट्रपति के रूप में कमला हैरिस सेनेट में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
इस बीच हैरिस ने यह कह कर इस्राईली अधिकारियों विशेष कर नेतनयाहू की नींद उड़ा दी है कि अमरीका, पश्चिमी तट के कुछ इलाक़ों को इस्राईल से जोड़े जाने की योजना का विरोधी है और उनका देश फ़िलिस्तीनियों की मदद बहाल करना चाहता है। एक अमरीकी समाचारपत्र ने कमला हैरिस के हवाले से बताया है कि वाॅशिंग्टन में पीएलओ के कार्यालयों को फिर से खोला जाएगा जिन्हें ट्रम्प के राष्ट्रपति काल में बंद कर दिया गया था। अमरीका की निर्वाचित उपराष्ट्रपति ने इसी तरह कहा कि नई सरकार फ़िलिस्तीनियों की आर्थिक व मानवीय मदद दोबारा शुरू करेगी और ग़ज़्ज़ा के इंसानी संकट को अपने एजेंडे में शामिल करेगी।