11 नवंबर 2020 - 16:17
हम अपनी भूमि ईरान के खिलाफ कभी नहीं इस्तेमाल होने देंगे, पाकिस्तान का एलान

ईरान और पाकिस्तान के विदेशमंत्रियों ने परस्पर सहयोग में विस्तार पर बल दिया है।

विदेशमंत्री जवाद ज़रीफ ने बुधवार को अपने पाकिस्तानी समकक्ष शाह महमूद कुरैशी से भेंट में दोनों देशों के बीच गहरे एतिहासिक व सांस्कृतिक संबंधों का उल्लेख किया और कहा कि ईरान पाकिस्तान के साथ व्यापक संबंधों में विस्तार पर तैयार है। 

विदेशमंत्री ने पाकिस्तान के साथ सीमावर्ती मार्गों को बढ़ाने के फैसले का उल्लेख करते हुए बताया कि दोनों देशों ने नये सीमावर्ती बाज़ार खोलने पर भी सहमति प्रकट की है और इसी तरह ईरान और पाकिस्तान ने नयी शैलियों  में व्यापार करने पर भी तत्परता प्रकट की है। 

इस भेंट में पाकिस्तान के विदेशमंत्री शाह महमूद कुरैशी ने ईरान को पाकिस्तान का एक महत्वपूर्ण दोस्त और पड़ोसी बताया और ईरान के साथ सहयोग और व्यापार बढ़ाने के लिए पाकिस्तान के व्यवहारिक क़दमों का उल्लेख किया। 

पाकिस्तान के विदेशमंत्री ने कहा कि ईरान और पाकिस्तान की सीमा पर शांति व सुरक्षा की स्थापना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बल दिया कि पाकिस्तान अपने क्षेत्रों से  ईरान के खिलाफ किसी भी प्रकार की शत्रुतापूर्ण कार्यवाही की अनुमति नहीं देगा। 

ईरान और पाकिस्तान के विदेशमंत्रियों ने इसी प्रकार, क्षेत्रीय व अंतरराष्ट्रीय परिवर्तनों, इस्लामी जगत के मुद्दों, इस्लामोफोबिया से मुकाबले, क्षेत्रीय सहयोग विशेषकर ईसीओ  के मंच पर सहयोग में विस्तार, आतंकवाद के खिलाफ युद्ध, गैर कानूनी पलायन, ज़ियारत के लिए की जाने वाली यात्राओं को सुविधाजनक बनाने और इसी प्रकार निकट भविष्य में संयक्त आर्थिक  आयोग के गठन जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।