बिहार विधानसभा चुनाव परिणामों के आ रहे रुझानों में राजग 124 सीटों पर और महागठबंधन 111 सीटों पर या तो जीत चुका है या आगे चल रहा है। बिहार की 243 विधानसभा सीटों में से 183 के परिणाम सामने आ गए हैं जबकि 60 सीटों के परिणाम आना बाक़ी हैं। तेजस्वी यादव की राष्ट्रीय जनता दल साठ सीटें जीती हैं और 16 सीटों पर वह आगे चल रही है। इस तरह वह अब तक की सबसे बड़ी पार्टी बन कर उभरी है। भारतीय जनता पार्टी को 51 सीटें हासिल हुई हैं और वह 22 सीटों पर आगे है।
जनता दल यूनाइटेड 32 सीटें जीतने में सफल रही है और वह 11 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस पार्टी ने 14 सीटें जीती हैं और वह पांच पर आगे चल रही है। वहीं असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम ने 4 सीटों पर जीत दर्ज की है और एक सीट पर वह आगे चल रही है। लोक जनशक्ति पार्टी केवल एक सीट हासिल कर सकी है। वाम दलों को लगभग 20 सीटें मिलने अनुमान है। भारत के चुनाव आयोग ने बताया है कि बिहार के विधानसभा चुनाव में क़रीब 4 करोड़ वोट डाले गए थे।