डेमोक्रेटि पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जो बाइडन अपने रिपब्लिकन प्रतिस्पर्धी और वर्तमान राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प से आगे चल रहे हैं। इलेक्टोरल वोटों के मामले में भी बाइडन ट्रम्प से 25 वोटों से आगे हैं। अंतिम आंकड़ों के अनुसार बाइडन को जनता के 6 करोड़ 91 लाख 10 हज़ार 405 वोट और 238 इलेक्टोरल वोट हासिल हुए हैं। उन्हें जनता द्वारा डाले गए वोटों में से अब तक 50 प्रतिशत वोट मिल चुके हैं। दूसरी ओर डोनल्ड ट्रम्प को 213 इलेक्टोरल वोट मिले हैं जबकि जनता की ओर से उन्हें 6 करोड़ 68 लाख 28 हज़ार 238 वोट मिले हैं। उन्हें मिलने वाले जनता के वोटों का प्रतिशत 48.4 प्रतिशत है। इस तरह से कहा जा सकता है कि दोनों के बीच कांटे की टक्कर चल रही है।चुनाव में जीत के लिए इलेक्टोरल वोटों का आंकड़ा 270 है।
चुनाव का फ़ैसला करने वाले कई राज्यों में अभी भी वोटों की गिनती जारी है और जब तक हर राज्य के आंकड़े सामने नहीं आ जाते तब तक विजेता की तस्वीर साफ़ नहीं होगी। कहा जा रहा है कि पोस्टल वोटों की वजह से पूरे चुनाव परिणाम सामने आने में काफ़ी समय लग सकता है। इस बीच ट्रम्प ने वाइट हाउस में एक पत्रकार सम्मेलन में कहा है कि हम जीतने जा रहे हैं लेकिन सुप्रीम कोर्ट भी जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मतगणना में बड़े पैमाने पर धांधली करने की कोशिश की जा रही है। इसके साथ ही उन्होंने समर्थकों से सतर्क रहने को कहा है। जो बाइडन ने भी कहा है कि वे जीत के रास्ते पर चल रहे हैं। इस बीच कई शहरों में ट्रम्प के ख़िलाफ़ प्रदर्शन शुरू हो गए हैं।