3 नवंबर 2020 - 17:39
साम्राज्यवादी अमरीका, स्वतंत्रता और अधिकारों के लिए सबसे बड़ा ख़तरा हैः जनरल मूसवी

ईरान की सशस्त्र सेना के कमान्डर जनरल सैयद अब्दुर्रहीम मूसवी ने अमरीका को स्वतंत्रता और दुनिया के समस्त राष्ट्रों को उनके अधिकार दिलवाने के लिए सबसे बड़ा ख़तरा क़रार दिया है।

जनरल सैयद अब्दुर्रहीम मूसवी ने मंगलवार को ईरानी वायु सेना के "फिदाइयाने हरीमे विलायत" युद्धाभ्यास के मुख्य चरण की समाप्ति पर पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि अगर अमरीकी अधिकारी, बड़ी ग़लती और अंदाज़ों से हटकर कोई कार्यवाही करना चाहते हैं तो ईरान पूरी शक्ति के साथ उनके मुक़ाबले में डट जाएगा।

जनरल मूसवी ने ईरानी वायु सेना के "फिदाइयाने हरीमे विलायत" युद्धाभ्यास के संदेश की ओर संकेत करते हुए कहा कि इस सैन्य अभ्यास का संदेश यह है कि ईरान की सशस्त्र सेना ने विभिन्न युद्धाभ्यासों का आयोजन करके, देश और राष्ट्र की रक्षा के लिए अपनी तैयारियों का एलान कर दिया है और हर ख़तरे और शक्ति से टकराने के लिए तैयार है।

ज्ञात रहे कि "फिदाइयाने हरीमे विलायत" युद्धाभ्यास सोमवार की सुबह, "सादिक़े आले मुहम्मद" के नाम से केन्द्रीय ईरान के इस्फहान में शुरु हुआ था।