अहलेबैत न्यूज़ एजेंसी अबना: अफ़ग़ानिस्तान के विदेशमंत्री सलाहुद्दीन रब्बानी ने सोमवार को तेहरान में ईरान के विदेशमंत्री मोहम्मद जवाद ज़रीफ़ से मुलाकात की। ईरान के विदेशमंत्री ने इस बैठक में क्षेत्र में बढ़ते उग्रवाद और आतंकवाद के खिलाफ गंभीरता के साथ अभियान चलाए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ईरान, आतंकवाद को अच्छे और बुरे आतंकवाद में बांटे जाने का विरोधी है। उन्होंने कहा कि सभी आतंकवादी और चरमपंथी समूहों का मुकाबला किए जाने की जरूरत है। विदेश मंत्री मोहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने अपने अफगान समकक्ष की ईरान यात्रा का स्वागत करते हुए कहा कि ईरान की नज़र में अफ़गानिस्तान विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि ईरान अफ़गानिस्तान की शांति और स्थिरता और विकास को अपनी शांति व स्थिरता और अपना विकास समझता है। अफ़गानिस्तान के विदेश मंत्री सलाहुद्दीन रब्बानी ने इस बैठक में अफगानिस्तान के कई प्रतिनिधियों के दौरे ईरान का जिक्र करते हुए कहा कि यह यात्रा इस बात को दर्शाती है कि ईरान अफगानिस्तान की सरकार और जनता के लिए कितना महत्वपूर्ण है। उन्होंने ईरान में अफगान बच्चों की शिक्षा के संबंध में इस्लामी इंक़ेलाब के सुप्रीम लीडर हज़रत आयतुल्लाह सैयद अली ख़ामेनई के विशेष निर्देशों का आभार व्यक्त किया। अफ़गान विदेश मंत्री ने अपने देश के विकास में ईरान के चाबहार बंदरगाह के महत्व पर बल देते हुए कहा कि यह बंदरगाह, अफ़गानिस्तान के विकास और प्रगति में मुख्य भूमिका अदा करेगी।