ईरान की हज व ज़ियारत संस्था के प्रमुख सईद औहदी ने कहा कि सऊदी अरब ने हज का राजनीतिकरण करके ईरानी नागरिकों को इस साल हज से वंचित कर दिया है।
ईरान की हज व ज़ियारत संस्था के प्रमुख ने इराक़ की राजधानी बग़दाद में ईरान के दूतावास में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मतभेदों को हल करने के लिए ईरानी प्रतिनिधिमंडल की ओर से पांच महीने तक लगातार वार्ता के बावजूद सऊदी अरब ने रुकावटें खड़ी करके ईरानी नागरिकों को हज से वंचित कर दिया। उन्होंने बताया कि ओआईसी तथा इराक़ और तुर्की की मध्यस्थता के बावजूद सऊदी सरकार इस साल हज से ईरानी नागरिकों को वंचित करने पर तुली हुई है।
ईरान की हज व ज़ियारत संस्था के प्रमुख ने मेना त्रासदी के बारे में कहा कि हम अंतर्राष्ट्रीय संस्थाओं के माध्यम से इस मामले को आगे बढ़ा रहे हैं। उनका कहना था कि ईरानी हाजियों की जान की रक्षा में ढिलाई और लापरवाही के संबंध में सऊदी सरकार की अंतर्राष्ट्रीय संस्थाओं में शिकायत के लिए हम हर संभव प्रयास करेंगे और इस त्रासदी में शहीद होने वाले ईरानी हाजियों और उनके परिजनों के अधिकार लेने के लिए सभी माध्यमों का प्रयोग करेंगे।