इस्लामी गणतंत्र ईरान की थल सेना प्रमुख ने कहा है कि आतंकवादी दाइश गुट ने गत फरवरी के महीने में ईरानी सीमा में घुसपैठ की नाकाम कोशिश की थी।
जनरल अहमद रज़ा पूरदस्तान ने सोमवार को सेना दिवस के अवसर पर पत्रकार सम्मेलन में कहा कि गत फरवरी के महीने में दाइश ने हमारी सीमा में घुसपैठ की थी किंतु आत्मघाती जैकेट पहने घुसपैठ करने वाले दो आतंकवादियों को सीमा पर तत्काल मार दिया गया था।
उन्होंने कहा कि अब हमारी सीमा पर कोई विशेष खतरा नहीं है किंतु क्षेत्र के कुछ देश, हमारी सीमा पर आतंकवादियों की ओर से खतरा पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने सीरीया में ईरान के स्पेशल कमांडोज़ की उपस्थिति के बारे में पूछे गये एक सवाल का उत्तर देते हुए कहा कि जहां भी उचित होगा हम शक्ति के साथ वहां उपस्थित होंगे और परामर्श व सलाह के लिए हमारे आप्रेशन इसी नीति का हिस्सा हैं।
उन्होंने कहा कि सीरिया में सैन्य परामर्श के लिए फील्ड वर्क की भी ज़रूरत होती है इस लिए हम ने सेना के कुछ अफसरों को वहां भेजा है ताकि वह हालात को अच्छी तरह से समझें लेकिन सीरिया में हमारी कोई सैन्य टुकड़ी मौजूद नहीं है।