लेबनान के इस्लामी प्रतिरोध संगठन हिज़बुल्लाह ने कहा है कि हम थकने वाले नहीं हैं और जबतक आवश्यकता होगी सीरिया में बाक़ी रहेंगे।
हिज़बुल्लाह के उप महासचिव शेख नईम क़ासिम ने अल्लामा शेख मुहम्मद सईद अलबूती की शहादत की बरसी पर बेरूत में कहा कि हम थकने वालों में से नहीं हैं और विजय को अपनी आखों से देखेंगे। उन्होंने कहा कि सीरिया की रक्षा करने पर हमे गर्व है।
हिज़बुल्लाह के उप महासचिव ने कहा कि यदि सीरिया में हिज़बुल्लाह की क़ुर्बानियां न होतीं तो आतंकवादी गुट दाइश अबतक लेबनान और अन्य क्षेत्रों तक पहुंच चुका होता। उन्होंने कहा कि सीरिया और उसके सहयोगियों ने एेसी उपलब्धियां अर्जित की हैं जिन्हें अमरीका वर्षों तक प्राप्त नहीं कर सकता। शेख नईम क़ासिम ने कहा कि सीरिया की सरकार का गिरना, इस्राईल के हित में है।
हिज़बुल्लाह के उप महासचिव ने कहा कि आतंकवादी गुट दाइश एक भ्रम है शक्ति नहीं। उन्होंने कहा कि न तो दाइश, न ही उसके समर्थक और न ही उसको अस्तित्व देने वाले कोई भी क्षेत्र में टिक नहीं सकेंगे।
उन्होंने कहा कि योजना यह थी कि लेबनान पर इस्राईल के व्यापक आक्रमण के साथ नए मध्यपूर्व की परियोजना को आरंभ किया जाए किंतु हिज़बुल्लाह ने उसे विफल बना दिया।