26 फ़रवरी 2016 - 06:10
आईएस ने मार्क जुकरबर्ग और जैक डोर्से को जान से मारने की धमकी दी

आतंकवादी गुट दाइश ने फेसबुक के सीईओ मार्क जुकरबर्ग और ट्विटर के सीईओ जैक डोर्से को जान से मारने की धमकी दी है।

आतंकवादी गुट दाइश ने फेसबुक के सीईओ मार्क जुकरबर्ग और ट्विटर के सीईओ जैक डोर्से को जान से मारने की धमकी दी है।
इस बारे में दाइश ने एक वीडियो जारी किया है। वीडियो में कहा गया है कि मार्क जुकरबर्ग और जैक डोर्से को गोलियों से भून दिया जाएगा। दाइश ने इन दोनों को संबोधित करते हुए कहा है कि हम जल्द ही इस दुनिया से तुम्हारा नामो-निशान मिटा देंगे। दाइश ने चेतावनी दी है कि तुम्हारी वर्चुअल वॉर को हम असली वॉर में बदल देंगे। दाइश के अनुसार तुमने ही इसकी शुरुआत की है हम तुम्हारा अंत कर देंगे।
उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ महीनों के दौरान फेसबुक और टि्वटर ने आतंकी गतिविधियों वाले हज़ारों अकाउंट्स को ब्लॉक किया है जिससे दाइश के आतंकी बहुत नाराज़ हैं। वीडियो में धमकी दी गई है कि तुम यदि हमारा एक अकाउंट बंद करोगे, तो हम इसके बदले में 10 अकाउंट बनाएंगे। दाइश की साइबर आर्मी ने दावा किया कि वह 10,000 फेसबुक अकाउंट, 150 फेसबुक ग्रुप और 5,000 टि्वटर प्रोफाइल यूज कर रही है।
ज्ञात रहे कि पिछले वर्ष मार्च में भी दाइश ने ट्विटर के सीईओ जैक डोर्से को जान से मारने की धमकी दी थी। दोनों ही सोशल नेटवर्किंग साइट्स के प्रतिनिधियों ने जनवरी में व्हाकइट हाउस में अधिकारियों से मुलाकात करके ऑनलाइन आतंकवाद को रोकने पर सहमति जताई थी।