सीरिया के संसद सभापति जेहाद लेहाम ने सीरिया में संकट उत्पन्न करने और उसे हवा देने वाले अरब और पश्चिमी देशों की निंदा की है।
सोमवार को दमिश्क़ में ईरान के गृह मंत्री रहमानी फ़ज़ली के साथ मुलाक़ात में सीरिया के संसद सभापति ने कहा कि जो देश हिंसा भड़का कर इलाक़े को संकटग्रस्त कर रहे हैं और अवैध रूप से लोगों को सज़ाए मौत देकर मानवाधिकारों का हनन कर रहे हैं, वह सज़ा से नहीं बच सकेंगे।
जेहाद लेहाम ने उल्लेख किया कि सीरिया को युद्ध में झोंककर और उसके ख़िलाफ़ अत्याचारपूर्ण प्रतिबंध लगाकर अरब एवं पश्चिमी देशों ने सीरियाई नागरिकों को निशाना बनाया है।
सीरियाई संसद सभापति ने आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई में मित्र देशों विशेष रूप से ईरान, रूस और ब्रिक्स सदस्यों का आभार जताया।
जेहाद लेहाम ने कहा कि आतंकवाद के समर्थन से और वरिष्ठ शिया धर्मगुरु शेख़ निम्र को अन्यायपूर्ण ढंग से मौत की सज़ा देने से दुश्मन इलाक़े पर वर्चस्व जमाने में सफल नहीं हो सकेगा।