इराक़ी सेना ने देश के पश्चिमी क्षेत्रों में दसियों आतंकवादियों को मौत के घाट उतारने की सूचना दी है।
सूमरिया न्यूज़ की रिपोर्ट के अनुसार, इराक़ी सेना की आप्रेश्नल कमान के प्रवक्ता साद मअन ने घोषणा की है कि देश के पश्चिमी क्षेत्र में स्थित फ़ल्लूजा शहर के दक्षिण में इराक़ी सेना ने एक कार्यवाही करके 54 आतंकवादियों को ढेर कर दिया। इराक़ी सेना की आप्रेश्नल कमान के प्रवक्ता ने कहा कि इराक़ी सैनिकों ने फल्लूजा के दक्षिण में अंजाम दी जाने वाली इस कार्यवाही में आतंकवादियों के आठ ठिकाने नष्ट और 58 बम नाकारा बना दिये।
एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार आतंकी गुट दाइश ने अंबार प्रांत में एक बच्चे सहित उसके माता पिता की जो रोमादी से भागने में सफल नहीं हो सके थे, नृशंस हत्या कर दी। आतंकी गुट दाइश ने दो दिन पहले धमकी दी थी कि जो भी रोमादी से सेना की ओर भागने की कोशिश करेगा, उसे मार दिया जाएगा।
उधर इराक़ी सेना बहुत तेज़ी से रोमादी की ओर बढ़ रही है। दूसरी ओर इराक़ की रेडक्रास संस्था के अधिकारियों ने शुक्रवार को रोमादी के एक सौ बीस परिवारों को सुरक्षित ख़ालेदिया क्षेत्र में पहुंचा दिया है। कुछ अरब और पश्चिमी देशों का समर्थन प्राप्त आतंकी गुट दाइश ने पिछले महीनों में इन क्षेत्रों के नागरिकों पर भारी अत्याचार किए हैं।