इराक़ी सैनिकों ने देश के पश्चिमी भाग में स्थित रुमादी शहर के बड़े भाग को आतंकियों के क़ब्ज़े से आज़ाद करा लिया है।
इरना के अनुसार, पश्चिमी इराक़ के अलअंबार प्रांत की परिषद के अध्यक्ष सबाह अलकरहूत ने गुरुवार को कहा कि इस प्रांत के केन्द्र रुमादी का 70 फ़ीसद भाग आतंकियों के नियंत्रण से आज़ाद हो गया है और आज़ाद कराने की कार्यवाही के दौरान दाइश को भारी जानी व माली नुक़सान पहुंचा। रुमादी शहर को आज़ाद कराने की कार्यवाही दो महीने पहले शुरु हुयी है जिसमें इराक़ की वायु सेना भी भाग ले रही है। इराक़ी अधिकारियों ने इस शहर को आज़ाद कराने की कार्यवाही के इतना लंबा खिंचने का एक कारण, इस शहर में आम नागरिकों की मौजूदगी बताया है जिन्हें इस शहर से निकालने के लिए पिछले तीन हफ़्तों से अभियान जारी है।
इराक़ के स्वयंसेवी बल ने भी गुरुवार को राजधानी बग़दाद के उत्तर में स्थित सामर्रा शहर के आस-पास दाइश के एक हमले को नाकाम बनाया। इस बीच इराक़ के कुर्दिस्तान इलाक़े के मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, कुर्द पीशमर्गा फ़ोर्सेज़ ने मूसिल शहर के आस-पास दाइश के ठिकानों पर हमला किया जिसमें 70 आतंकी ढेर हो गए।