आतंकवादी गुट आईएसआईएस या दाइश ने उत्तरी इराक़ में इराक़ी सेना के साथ सहयोग करने के आरोप में पंद्रह नागरिकों का जनसंहार किया है।
एक इराक़ी समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार करकूक प्रांत के एक स्थानीय सूत्र ने बताया है कि दाइश के आतंकियों ने जनता के विरुद्ध एक नई कार्यवाही करते हुए रविवार को प्रांत के दक्षिण पश्चिमी क्षेत्र में पंद्रह आम लोगों का, जिनमें अधिकतर युवा थे, जनसंहार कर दिया। सूत्र ने बताया कि दाइश ने इन लोगों को कुछ दिन पहले करकूक के रियाज़ क्षेत्र और उसके निकटवर्ती देहातों से, सेना के साथ सहयोग और जासूसी के आरोप में पकड़ा था।
ज्ञात रहे कि दाइश के विरुद्ध इराक़ी सेना और स्वयं सेवी बलों को मिल रही निरंतर सफलता के कारण यह आतंकी गुट, जनता को डराने और उसे सेना के साथ सहयोग से रोकने के लिए गिरफ़्तार किए गए लोगों की हत्या करता है। इसका एक अन्य उद्देश्य अधिक से अधिक क्षेत्रों पर अपना नियंत्रण भी बाक़ी रखना है।