यमन की समाचार एजेंसी सबा न्यूज़ के अनुसार दक्षिणी प्रांत तइज़्ज़ के जबल सैमान क्षेत्र में यह विमान गिराया गया, जबकि कुछ ही दिन पहले एक और ड्रोन गिरा लिया गया था।
गत बृहस्पतिवार को यमन की सेना ने तइज़्ज़ में ही पहला ड्रोन भी गिराया था। उधर रिपोर्टों से पता चला है कि अदन में संयुक्त अरब इमारात के सैनिकों के एक ठिकाने पर कार बम का धमाका हुआ। इसके बारे में अधिक ब्योरा नहीं मिला है। यमन प्रेस ने रिपोर्ट दी है कि अदन में ही मंसूरा जेल पर अज्ञात लोगों ने हमला किया और एक राज्यपाल की हत्या के आरोपी को जेल से निकाल लिया। हमले में जेल का एक सुरक्षाकर्मी मारा गया और एक व्यक्ति घायल हो गया।
ज्ञात रहे कि अदन शहर की सुरक्षा इस समय संयुक्त अरब इमारात और सूडान के सैनिकों तथा यमन के भगोड़े राष्ट्रपति के समर्थकों के हाथ में है। दूसरी ओर यमन की सेना ने स्वयंसेवी बलों की मदद से सऊदी अरब के मलता और अलब नामक छावनियों पर मिज़ाइल फ़ायर किए।
सीमावर्ती क्षेत्र अलमआइन में सऊदी सेना की एक बक्तरबंद गाड़ी पर भी यमनी सैनिकों ने हमला किया जिसमें कई सऊदी सैनिक घायल हो गए।